छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई: SP विजय कुमार पाण्डेय ने किया सम्मानित, रिटायरमेंट के दिन ही मिला पेंशन आदेश

चांपा थाने में पदस्थ रहे उपनिरीक्षक के दीर्घ व निष्ठावान सेवाकाल की एसपी ने की सराहना; शॉल, श्रीफल व स्मृति-चिन्ह भेंट कर दी शुभकामनाएं

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। पुलिस विभाग में अपनी लंबी, अनुशासित और समर्पित सेवाएं पूरी करने के बाद थाना चांपा में पदस्थ उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा आज सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर के सभाकक्ष में एक गरिमामय एवं भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने सेवानिवृत्त अधिकारी को शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, राष्ट्र के प्रति समर्पण: एसपी

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक साधारण नौकरी नहीं है, बल्कि यह समाज की सुरक्षा और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग जैसे चुनौतीपूर्ण महकमे में इतने लंबे समय तक निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कर्तव्य निभाना अत्यंत गर्व का विषय है। एसपी ने उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई पारी की शुभकामनाएं दीं।

विभागीय तत्परता: सेवानिवृत्ति के दिन ही सौंपा पेंशन अदायगी आदेश

समारोह का मुख्य आकर्षण विभाग की कार्यकुशलता रही, जहां सेवानिवृत्ति के दिन ही उपनिरीक्षक मिश्रा को उनका पेंशन अदायगी आदेश (PPO) प्रदान किया गया। मुख्य लिपिक श्री दिनेश शर्मा की सक्रियता और त्वरित विभागीय कार्यवाही के चलते सभी औपचारिकताएं समय पर पूर्ण कर ली गई थीं। सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन आदेश मिलने से सेवानिवृत्त अधिकारी के हितों की रक्षा और विभाग की संवेदनशीलता की सभी ने सराहना की।

इस गरिमामय विदाई समारोह के दौरान मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा, रीडर-1 एएसआई अश्वनी राठौर, प्रधान आरक्षक देव रत्नाकर सहित एसपी कार्यालय के कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उपनिरीक्षक मिश्रा को फूलमालाएं पहनाकर आत्मीय विदाई दी।

Related Articles

Back to top button