कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का पलटवार: प्रेसवार्ता में सत्यलता मिरी बोलीं- संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना हार की हताशा

चुनाव आयोग के बयान से कांग्रेस का झूठ बेनकाब, हार का ठीकरा कभी ईवीएम तो कभी संस्थाओं पर फोड़ता है विपक्ष: जांजगीर में बरसीं जिपं अध्यक्ष
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। चुनाव प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भारतीय जनता पार्टी ने करारा राजनीतिक पलटवार किया है। जांजगीर में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी ने कहा कि चुनाव आयोग के हालिया रुख से कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन का झूठ जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। लगातार मिल रही चुनावी शिकस्त से बौखलाई कांग्रेस अब देश की गरिमामयी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की गंदी राजनीति पर उतर आई है।

आयोग के बयान ने हवा में उड़ाए कांग्रेस के आरोप
श्रीमती सत्यलता मिरी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों के संयुक्त बयान ने कांग्रेस के मनगढ़ंत दावों की हवा निकाल दी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलता का ठीकरा इन संस्थाओं के सिर फोड़ने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस को जनता के जनादेश का आदर करना चाहिए और तथ्यहीन प्रपंच रचने के बजाय सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।
हार पचा नहीं पाती कांग्रेस, विदेशी जमीन से देश को बदनाम करने का आरोप

भाजपा नेत्री ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि विदेशों में जाकर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करना बेहद शर्मनाक और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि देश के अंदर राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन विदेशी धरती पर अपने ही देश की संस्थाओं की साख पर बट्टा लगाना देशहित के खिलाफ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भी कांग्रेस चुनाव हारती है, कभी ईवीएम (EVM) तो कभी चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराने लगती है। यह कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और जनादेश को न स्वीकारने की कुंठा को दर्शाता है।
प्रेसवार्ता में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
इस प्रेसवार्ता के दौरान मंच पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अंबेश जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा गढ़वाल, जिला महामंत्री श्रीमती नंदिनी राजवाड़े, जिला प्रवक्ता श्री विकास शर्मा एवं जिला मीडिया प्रभारी श्री राकेश रूपवानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





