निर्माणाधीन मकान में चोरी की कोशिश: महिला को चाकू दिखाकर धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चांपा पुलिस ने भेजा जेल

चाकू व बोरवेल स्टार्टर बरामद; महिला के शोर मचाने पर मोहल्ले वालों ने पकड़ा, चांपा पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र के भोजपुर में निर्माणाधीन मकान में चोरी की नीयत से घुसे दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे का चाकू और चोरी का सामान बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महिला को चाकू दिखाकर दी थी धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ममता देवी (निवासी भोजपुर, चांपा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके निर्माणाधीन मकान में लगे बोरवेल की मशीन को दो युवक खोलकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। महिला द्वारा रंगे हाथ पकड़कर विरोध करने पर दोनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान आरोपी अविनाश यादव ने हाथ में रखे लोहे के चाकू से महिला को डराने की कोशिश की।
मोहल्ले वालों ने घेराबंदी कर पकड़ा
प्रार्थिया के जोर-जोर से शोर मचाने पर आसपास के मोहल्लेवासी तत्काल मौके पर एकत्र हो गए। खुद को घिरता देख दोनों आरोपी मौके से भागने लगे, जिन्हें स्थानीय नागरिकों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
हथियार व सामान बरामद, दोनों आरोपी जेल दाखिल
सूचना पर चांपा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों—अविनाश यादव (उम्र 35 वर्ष) और कुश सिंह चौहान (उम्र 19 वर्ष), दोनों निवासी भोजपुर चांपा को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी अविनाश के कब्जे से एक लोहे का चाकू तथा कुश सिंह के कब्जे से चोरी का स्टार्टर व अन्य सामान जब्त किया। दोनों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




