Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाधर्म भक्तिरायपुर

पितृपक्ष में याद किए गए पूर्वाचार्य राजेश्री महन्त वैष्णव दास जी: दूधाधारी मठ में हुआ तर्पण; संतों और श्रद्धालुओं ने दी श्रद्धांजलि

खारुन नदी महादेव घाट पर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास ने किया विधि-विधान से तर्पण, स्वामी बलभद्र दास जी की समाधि के पास अर्पित की गई पुष्पांजलि

🔴 आज की बात News | रायपुर। आश्विन कृष्ण पक्ष षष्ठी पर श्री दूधाधारी मठ रायपुर एवं श्री शिवरीनारायण मठ के पूर्वाचार्य राजेश्री महन्त वैष्णव दास जी महाराज को पितृपक्ष के अवसर पर श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस पावन अवसर पर मठ परंपरा के अनुरूप विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

महादेव घाट पर तर्पण और मठ में होम-हवन

प्रातः कालीन बेला में दूधाधारी मठ के राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने खारुन नदी स्थित महादेव घाट पहुंचकर विधि-विधान से पितृ तर्पण किया। इसके पश्चात उन्होंने दूधाधारी मठ मंदिर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होम, हवन एवं विशेष पूजन का कार्यक्रम विधिवत संपन्न कराया।

समाधि स्थल पर पुष्पांजलि और भंडारा

दोपहर में श्री दूधाधारी मठ स्थित स्वामी बलभद्र दास जी महाराज के समाधि स्थल के समीप श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उपस्थित संतों, ट्रस्ट के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने राजेश्री महन्त वैष्णव दास जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत विशेष भोग-भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु शामिल हुए। मठ प्रबंधन द्वारा पधारे हुए सभी साधु-संतों को सादर भोजन कराकर दक्षिणा सहित विदाई दी गई।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में ट्रस्ट कमेटी के सदस्य विजय पाली, रामकृष्ण पाली, राजेश अग्रवाल, विनोद मंगल अग्रवाल, रामछबि दास जी, सुरेश शर्मा, गोलू शर्मा, निर्मल दास वैष्णव एवं डॉ. ममता साहू प्रमुख रूप से शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में संत रामप्रिय दास जी, राममनोहर दास जी, रामअवतार दास जी, रामदेव दास जी, राम शिरोमणि दास जी, राममोहन दास जी, सुरेश तिवारी, हर्ष दुबे, राजीव लोचन त्रिपाठी, विजय त्रिवेदी, जय शुक्ला, रतन साहू और कौशल प्रसाद साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button