Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

सेवा संकल्प अभियान: मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना से काजल के सपनों को मिली नई उड़ान, उच्च शिक्षा के लिए मिली ₹20 हजार की सहायता

पामगढ़ के ग्राम खोरसी निवासी निर्माण श्रमिक दशरथ साहू की पुत्री के बैंक खाते में पहुंची एकमुश्त राशि; परिवार ने जताया सीएम का आभार

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल बनकर उनके बच्चों के भविष्य की राह आसान कर रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के ग्राम खोरसी (विकासखंड पामगढ़) निवासी निर्माण श्रमिक दशरथ साहू की पुत्री कु. काजल कुमारी को ‘मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना’ के अंतर्गत 20 हजार रुपए की एकमुश्त सहायता राशि सीधे बैंक खाते में प्रदान की गई है।

आगे की पढ़ाई को मिला आर्थिक संबल

काजल के पिता श्री दशरथ साहू छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं। योजना के तहत स्वीकृत 20 हजार रुपए की राशि मिलने से काजल के चेहरे पर खुशी की चमक साफ देखी जा सकती है। काजल ने बताया कि यह राशि उसके लिए सिर्फ एक आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आगे की उच्च शिक्षा जारी रखने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक बड़ा सहारा है। उसने कहा कि इस सहयोग से उसके सपनों को नई उड़ान मिली है और आत्मविश्वास बढ़ा है।

क्या है मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना?

इस योजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। योजना के प्रावधानों के अनुसार:

  • मंडल में निर्धारित अवधि से पंजीकृत श्रमिक की प्रथम दो अविवाहित पुत्रियां इसके लिए पात्र होती हैं।
  • पुत्री की आयु 18 से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
  • आवेदिका ने कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की हो।
  • पात्रता पूरी करने पर हितग्राही के बैंक खाते में 20,000 रुपए की एकमुश्त सहायता राशि अंतरित की जाती है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जताया आभार

काजल कुमारी और उनके परिवार ने जरूरत के समय मिली इस आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवार का कहना है कि सरकार की इस संवेदनशील पहल से गरीब व मजदूर वर्ग की बेटियों को पढ़ाई बीच में छोड़ने की मजबूरी से मुक्ति मिल रही है।

Related Articles

Back to top button