हरी लीला ट्रस्ट का भव्य आयोजन ‘एक शाम माँ के नाम’: 16 अक्टूबर को विख्यात गायिका शहनाज अख्तर के भजनों से गूंजेगा जांजगीर

हरी लीला ट्रस्ट (बनारी-नैला) द्वारा आयोजित होगा कार्यक्रम; जनसेवक अमर सुल्तानिया ने श्रद्धालुओं को सपरिवार शामिल होने की अपील की
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में जांजगीर की धरा एक बार फिर भक्ति, संगीत और आस्था के सुरम्य संगम से सराबोर होने जा रही है। हरी लीला ट्रस्ट (बनारी-नैला, जांजगीर) द्वारा आगामी 16 अक्टूबर को शहर के हाईस्कूल मैदान में भव्य भक्ति संध्या ‘भक्ति राग जांजगीर – एक शाम माँ के नाम’ का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य धार्मिक आयोजन में देश की सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी विशेष भक्तिमय प्रस्तुति देंगी।
हाईस्कूल मैदान में सजेगी माता की चौकी
हरी लीला ट्रस्ट के सचिव एवं क्षेत्र के जनसेवक अमर सुल्तानिया ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि के पावन अवसर पर माता रानी की आराधना और भक्तों को भक्ति रस में डुबोने के उद्देश्य से इस भव्य कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। आयोजन 16 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को सायं 7:00 बजे से नगर के हृदय स्थल हाईस्कूल मैदान में प्रारंभ होगा।
शहनाज अख्तर के भजनों पर झूमेंगे श्रद्धालु
देशभर में अपने ओजस्वी और कर्णप्रिय देवी भजनों के लिए विख्यात भजन गायिका शहनाज अख्तर मंच से माँ दुर्गा की स्तुति और भजनों की ऐसी अविरल गंगा बहाएंगी, जिससे पूरा वातावरण माँ के जयकारों से गूंज उठेगा। आयोजन को लेकर शहर व आसपास के ग्रामीण अंचलों में अभी से खासा उत्साह देखा जा रहा है। ट्रस्ट द्वारा कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने और अन्य व्यवस्थाओं की भव्य तैयारी की जा रही है।
सपरिवार शामिल होने की अपील
ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने जांजगीर-चांपा जिले सहित आसपास के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों व श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस आलौकिक और अविस्मरणीय भक्ति संध्या में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें तथा माँ भगवती की कृपा प्राप्त करें।




