Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

पितृ पक्ष में शिवरीनारायण मठ: पूर्वाचार्य महंत लाल दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्मरण, त्रिवेणी संगम में तर्पण

महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुन्दर दास ने बावा घाट में किया तर्पण, होम-हवन के बाद नगर के विप्र बंधुओं को कराया गया भोजन

🔴 आज की बात News |जांजगीर-चांपा। पितृ पक्ष के पावन अवसर पर धर्मनगरी शिवरीनारायण स्थित प्रसिद्ध श्री शिवरीनारायण मठ के पूर्वाचार्य श्री महंत लाल दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक पुण्य स्मरण किया गया। इस दौरान संतों, महात्माओं और श्रद्धालुओं ने उनके धार्मिक, आध्यात्मिक व सामाजिक योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

महानदी के बावा घाट में तर्पण अनुष्ठान

प्रातःकाल 6:00 बजे महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुन्दर दास जी महाराज ने महानदी, शिवनाथ और जोंक के पवित्र त्रिवेणी संगम स्थित बावा घाट पहुंचकर विशेष तर्पण अनुष्ठान किया। उन्होंने पूर्वाचार्य श्री महंत लाल दास जी महाराज सहित मठ के समस्त पूर्वाचार्यों को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तिलांजलि व जलांजलि देकर तर्पण अर्पित किया।

मठ परिसर में होम-हवन व विप्र भोज

तर्पण के उपरांत राजेश्री महंत जी महाराज मठ पहुंचे, जहां वैदिक पद्धति से होम-हवन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। दोपहर में भगवान श्री शिवरीनारायण जी की विधिवत पूजा-अर्चना और भोग आरती की गई। इसके पश्चात मठ में परंपरागत ब्राह्मण भोजन (विप्र भोज) का आयोजन हुआ, जिसमें नगर के सभी विप्र बंधुओं ने सम्मिलित होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। भोजनोपरांत सभी को दक्षिणा और श्रीफल भेंटकर ससम्मान विदाई दी गई।

‘सनातन परंपरा के संवर्धन में निभाई अहम भूमिका’

इस अवसर पर महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुन्दर दास जी महाराज ने कहा कि श्री महंत लाल दास जी महाराज ने सनातन संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके द्वारा किए गए जनकल्याणकारी धार्मिक कार्य और समाज को दिया गया आध्यात्मिक मार्गदर्शन आज भी जन-जन के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिवरीनारायण के श्रीचरणों में पूर्वाचार्य की आत्मा की शांति और मोक्ष की प्रार्थना की। पूरे दिन मठ परिसर में भक्तिमय और सात्विक वातावरण बना रहा।

Related Articles

Back to top button