सेवा संकल्प अभियान: 7 अक्टूबर को पुलिस ग्राउंड खोखरा में भव्य आयोजन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन; 76 फीट की रंगोली होगी मुख्य आकर्षण


विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा के रंग कार्यक्रम की तैयारी पूरी, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मौजूदगी में निकलेगी विशाल ‘सेवा ज्योति बाइक रैली’
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर (बुधवार) को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस ग्राउंड खोखरा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के दौरान ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन जुटेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे से होगा।
पीएम मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का वर्चुअल संबोधन
कार्यक्रम के दौरान प्रातः 10:00 बजे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वर्चुअल माध्यम से उपस्थित जनसमूह व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस गरिमामयी सभा में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
76×76 फीट की भव्य रंगोली बनेगी आकर्षण का केंद्र
‘सेवा के रंग’ थीम पर आधारित इस महाआयोजन में पुलिस ग्राउंड परिसर में तैयार की जा रही 76 फीट गुणा 76 फीट की विशाल रंगोली मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। इस भव्य कलाकृति के जरिए सेवा संकल्प और विकसित भारत की परिकल्पना को प्रदर्शित किया जा रहा है, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
नगर भ्रमण करेगी सेवा ज्योति बाइक रैली
वर्चुअल संवाद और संकल्प सभा के समापन के बाद भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सहभागिता से भव्य ‘सेवा ज्योति यात्रा’ बाइक रैली निकाली जाएगी। यह रैली पुलिस ग्राउंड खोखरा से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, बीटीआई चौक, नेताजी सुभाष चौक और शारदा चौक होते हुए ठाकुरदास नेबनदास दुकान के पास से मुड़ेगी। इसके बाद यात्रा पुनः कचहरी चौक स्थित सांस्कृतिक भवन पहुंचेगी, जहां इसका विधिवत समापन होगा।
भाजपा संगठन की ओर से जिले के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।




