भक्ति राग जांजगीर: शहनाज अख्तर के भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु, हरि लीला ट्रस्ट ने मेधावी छात्रों को 21 हजार रुपये देकर किया सम्मानित


हाई स्कूल ग्राउंड में उमड़ा आस्था और सेवा का सैलाब, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित जिले भर के दिग्गज जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के संकल्प के साथ जनहित कार्यों में जुटी संस्था हरि लीला ट्रस्ट द्वारा आयोजित ‘भक्ति राग जांजगीर—एक शाम माँ के नाम’ का भव्य आयोजन हाई स्कूल मैदान में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर की ओजस्वी और भक्तिमय प्रस्तुतियों पर हजारों श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। पूरा प्रांगण माता के जयकारों और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में जनसेवा, धार्मिक आस्था और प्रतिभा सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला।
मेधावी विद्यार्थियों को ₹21-21 हजार का चेक व सम्मान

कार्यक्रम का सबसे प्रेरक पड़ाव छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में स्थान बनाने वाले जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं का अभिनंदन रहा। ट्रस्ट द्वारा कक्षा 12वीं की मेरिट में स्थान हासिल करने वाली सरस्वती शिशु मंदिर चांपा की छात्रा खुशबू देवांगन तथा कक्षा 10वीं के टॉप-10 में शामिल विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर के दो छात्र नैतिक गौतम एवं लोकेश राठौर को अतिथियों के हाथों 21-21 हजार रुपये का चेक, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने सराहे ट्रस्ट के जनहितैषी प्रयास
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू सपरिवार शामिल हुए। उन्होंने हरि लीला ट्रस्ट की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, समरसता और सहयोग की भावना को मजबूती प्रदान करते हैं। क्षेत्रीय सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि ट्रस्ट ने अपनी निस्वार्थ सेवाओं से क्षेत्र में एक विशिष्ट साख स्थापित की है। वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप और जिला भाजपा अध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने भी ट्रस्ट द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

शिक्षा से स्वास्थ्य तक, सेवा को बनाया संकल्प
ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज से जो मिलता है, उसे समाज के जरूरतमंदों तक लौटाना ही सच्ची जनसेवा है। ट्रस्ट सचिव अमर सुल्तानिया ने संस्था के सेवा कार्यों का ब्योरा देते हुए बताया कि निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, दिव्यांगों को कृत्रिम अंग व उपकरण वितरण, निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग, अन्न सेवा, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम का सफल संचालन हितेश यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रकाश शर्मा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ट्रस्ट के कार्यकर्ता, प्रबुद्ध नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।




