जिले में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना: कृषि विभाग ने किसानों के लिए जारी की एडवाइजरी


खड़ी फसलों की कटाई 2 से 4 दिन स्थगित रखने, जल निकासी बनाने और रबी बुवाई टालने की दी गई सलाह
🔴 जांजगीर-चांपा। भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त चक्रवात पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 28 एवं 29 अक्टूबर को जिले में भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम के इस बदलते मिजाज और चक्रवात के असर को देखते हुए कृषि विभाग ने जिले के किसानों के लिए विशेष कृषि परामर्श जारी किया है, ताकि खरीफ फसलों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
पकी फसलों की कटाई स्थगित रखें, कटी उपज सुरक्षित करें: उप संचालक कृषि
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि धान, दलहन एवं तिलहन की खड़ी फसलें यदि पकने की स्थिति में हैं, तो आगामी दो से चार दिनों तक उनकी कटाई का काम पूरी तरह स्थगित रखें। जिन किसानों ने फसल की कटाई कर ली है, वे कटी हुई उपज को तत्काल किसी ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर व्यवस्थित कर लें। इसके अलावा खेतों में जलभराव न हो, इसके लिए अतिरिक्त बारिश के पानी की निकासी हेतु नालियों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। फसलों में कीट व रोगों की नियमित निगरानी रखने और लक्षण दिखने पर मौसम साफ होने के बाद ही विशेषज्ञों की सलाह से कीटनाशक का उपयोग करने को कहा गया है।
रबी फसलों और सब्जियों की बुवाई फिलहाल टालें
कृषि विभाग ने तिवड़ा एवं अलसी सहित अन्य रबी फसलों की बुवाई को मौसम अनुकूल होने और खेतों में नमी की स्थिति सामान्य होने तक टालने की सलाह दी है। इसके साथ ही फूलगोभी, ब्रोकली, कुंदरू, पपीता, खीरा और करेला जैसी सब्जियों की बुवाई भी मौसम साफ होने के बाद ही करने को कहा गया है। लता वाली सब्जियों को तेज हवा से सुरक्षित रखने के लिए सहारा देने और खेतों व बगीचों में पानी जमा न होने देने की हिदायत दी गई है। ओलावृष्टि की आशंका वाले इलाकों में सब्जी एवं बागवानी फसलों पर ओलावृष्टि-रोधी जाली लगाने की सलाह है।
मौसम पूर्वानुमान पर रखें नजर, अधिकारियों से करें संपर्क
कृषि विभाग ने जिले के समस्त अन्नदाताओं से अपील की है कि वे मौसम विभाग के पूर्वानुमानों पर लगातार नजर बनाए रखें और उसी के अनुसार अपने कृषि कार्यों की योजना बनाएं। किसी भी प्रकार की तकनीकी सहायता, मार्गदर्शन और फसल सुरक्षा संबंधी जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (RAEO) अथवा कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के विशेषज्ञों से सीधे संपर्क कर सकते हैं।




