होटलों और लॉज पर SP की पैनी नजर; संदिग्धों की सूचना छिपाने पर होगी कार्रवाई, संचालकों की ली अहम बैठक

आगंतुकों का वैध ID कार्ड और रजिस्टर में एंट्री अनिवार्य, संदिग्ध दिखने पर तुरंत 1800 233 1905 या कंट्रोल रूम को दें सूचना।
🔴 आज की बात। जांजगीर चाम्पा। जांजगीर-चांपा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और बाहरी संदिग्ध अप्रवासियों की गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में एसपी विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने जिले के सभी प्रमुख होटल और लॉज संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। बैठक में एसपी ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा न देने के सख्त निर्देश जारी किए।
पहचान पत्र अनिवार्य, रजिस्टर में अद्यतन एंट्री के निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने साफ किया कि जिले की शांति और सुरक्षा में होटल और लॉज संचालकों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि होटल या लॉज में ठहरने वाले हर नागरिक का वैध पहचान पत्र (जैसे वोटर ID, पासपोर्ट आदि) अनिवार्य रूप से प्राप्त कर उसका सत्यापन किया जाए। इसके साथ ही आगंतुकों का पूरा नाम, स्थायी पता, मोबाइल नंबर और आने-जाने का समय निर्धारित होटल रजिस्टर में सही-सही दर्ज करने की हिदायत दी गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति ठहरता है या किसी भी तरह की असामान्य गतिविधि नजर आती है, तो बिना किसी देरी के नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए।
कंट्रोल रूम और टोल-फ्री नंबर पर दें संदिग्धों की जानकारी
एसपी ने बताया कि अपराधों की रोकथाम और संदिग्धों पर निगरानी रखने के लिए पुलिस और होटल संचालकों के बीच त्वरित समन्वय आवश्यक है। होटल संचालकों का सहयोग आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 94791-93199 या टोल-फ्री नंबर 1800 233 1905 पर दी जा सकती है, जिसमें सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए आयोजित इस समीक्षा बैठक में SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, DSP (अजाक) सतरूपा तारम, CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे समेत जिलेभर से पहुंचे होटल व लॉज संचालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




