छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर-एसपी सख्त: हाईवे से अतिक्रमण व मवेशी हटाने के निर्देश, ब्लैक स्पॉट्स के त्वरित सुधार के आदेश

हाईवे एवं प्रमुख मार्गों से हटाए जाएंगे आवारा मवेशी, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में कैट आई, रिफ्लेक्टर व स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश

जांजगीर-चांपा। 31 अगस्त 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट्स के त्वरित सुधार, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को लेकर विभिन्न विभागों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ब्लैक स्पॉट्स का त्वरित सुधार और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है, वहां आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, कैट आई, सड़क प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। संबंधित विभागों को ब्लैक स्पॉट्स का नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है।

अतिक्रमण हटाने और आवारा मवेशियों पर प्रभावी कार्रवाई

कलेक्टर ने हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित कर राजस्व, पुलिस, नगरीय निकायों, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को आपसी समन्वय से तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी रखी जाए। इसके अतिरिक्त, हाईवे एवं मुख्य सड़कों पर दुर्घटनाओं का कारण बनने वाले आवारा मवेशियों को तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।

‘गोल्डन ऑवर’ में मिले त्वरित एवं बेहतर उपचार

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए सभी आवश्यक चिकित्सीय संसाधन और जीवनरक्षक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं।

नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई: एसपी

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने दुर्घटनाजन्य स्थलों पर जिग-जैग मार्किंग, रम्बल स्ट्रिप, साइन बोर्ड एवं रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नेशनल एवं स्टेट हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव), ढाबों के आसपास सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी व कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, जिला परिवहन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

img com 2026083117292728017242897221133752495

Related Articles

Back to top button