Chhattisgarhस्पोर्ट्स

देश-दुनिया के गोल्फ मानचित्र पर नई पहचान बना रहा छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की ट्रॉफी का अनावरण; 18 विदेशी सहित 132 प्रोफेशनल गोल्फर ले रहे हिस्सा, कपिल देव रहे मौजूद

🔴 आज की बात News | नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ तेजी से देश के उभरते स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है। नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्य ट्रॉफी का अनावरण किया और स्वयं गोल्फ कोर्स पर शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एवं पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

नवा रायपुर बनेगा देश-दुनिया का प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन: सीएम साय

img 20260915 wa00418313180965948909339

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर ओपन आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा। यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पहले गोल्फ को केवल फिल्मों में देखा जाता था और इसे खास वर्ग का खेल माना जाता था, लेकिन आज बदलते छत्तीसगढ़ में हम खुद इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं। राज्य सरकार गोल्फ सहित सभी खेलों को बढ़ावा देने और अधोसंरचना के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग देगी।

बस्तर-सरगुजा के पर्यटन और संस्कृति से रूबरू होने का आमंत्रण

मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य व समृद्ध जनजातीय संस्कृति को करीब से देखने का न्योता दिया। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात (भारत का नियाग्रा) और सरगुजा की रमणीय वादियों के भ्रमण का आग्रह किया। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग व सुरक्षा बलों के साहस से बस्तर में नक्सलवाद पर निर्णायक बढ़त मिली है और क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। ‘बस्तर ओलंपिक’ और ‘सरगुजा ओलंपिक’ जैसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच दे रहे हैं, वहीं ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ से युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिल रही है।

दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तरह उभरेगा छत्तीसगढ़: कपिल देव

पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव ने आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन छत्तीसगढ़ में प्रतिवर्ष तय कैलेंडर के अनुसार होना चाहिए, ताकि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपने शेड्यूल के मुताबिक यहाँ पहुँच सकें। कपिल देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्राकृतिक वातावरण गोल्फ के लिए बेहद अनुकूल है और यहाँ का आत्मीय आतिथ्य बेमिसाल है। आने वाले समय में दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तर्ज पर छत्तीसगढ़ भी देश का प्रमुख गोल्फ केंद्र बनेगा।

img 20260915 wa00428408878191292491380

Related Articles

Back to top button