सेवा संकल्प अभियान: भाजपा कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन, भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा पखवाड़ा; आकाश सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने दिया मानव सेवा का संदेश
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार, 21 सितंबर को जिला भाजपा कार्यालय जांजगीर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के बैनर तले आयोजित इस शिविर में संगठन के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
आकाश सिंह के नेतृत्व में शिविर
रक्तदान शिविर का संपूर्ण संयोजन व नेतृत्व जिला भाजयुमो अध्यक्ष आकाश सिंह ने किया। शिविर में सुबह से ही युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया, जहां कार्यकर्ताओं ने कतारबद्ध होकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सेवा: कार्यकर्ता
कार्यक्रम के दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए भाजपा का सेवा संकल्प अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। इसी भावना के साथ शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने में योगदान दिया गया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
शिविर के दौरान रक्तदाताओं की सुविधा और रक्त संग्रहण के लिए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम मौजूद रही। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी एवं युवा मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे।



