दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे 10 वर्षीय रिमोन के इलाज के लिए CM साय ने तत्काल स्वीकृत किए ₹12 लाख, किसान परिवार को मिली बड़ी राहत



मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से मिली नई जिंदगी की उम्मीद; CM ने बच्चे को गोद में लेकर कहा—”यह हमारा भी बेटा है”
🔴 आज की बात News | रायपुर। सक्ती जिले के ग्राम धुरकोट निवासी 10 वर्षीय बालक रिमोन टंडन और उसके परिवार के लिए आज का दिन एक नई उम्मीद और जीवनदान की सौगात लेकर आया। एक दुर्लभ और गंभीर बीमारी से जूझ रहे मासूम के महंगे उपचार को लेकर हताश किसान परिवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बहुत बड़ा संबल प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ के अंतर्गत बच्चे के उपचार हेतु तत्काल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।

जब मुख्यमंत्री ने रिमोन को गोद में दुलारा
राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात के दौरान रिमोन अपने माता-पिता के साथ पहुंचा था। मुख्यमंत्री ने नन्हे रिमोन को बेहद आत्मीयता से अपनी गोद में उठाया, उसे दुलारा और परिजनों से उसकी बीमारी व उपचार के संबंध में विस्तार से चर्चा की। जैसे ही मुख्यमंत्री को परिवार की बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति और महंगे इलाज की जानकारी मिली, उन्होंने बिना किसी देरी के 12 लाख रुपये की राशि मंजूर कर दी।
“यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है”: CM साय
परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मुख्यमंत्री ने भावुक शब्दों में कहा, “यह केवल आपका नहीं, बल्कि हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। रिमोन के समुचित इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और उसके स्वस्थ होने तक पूरी जिम्मेदारी हमारी सरकार उठाएगी।” उन्होंने दोहराया कि प्रदेश के प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक को संकट के समय बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दुर्लभ हार्मोनल विकार से पीड़ित है मासूम
डभरा विकासखंड के ग्राम धुरकोट निवासी 10 वर्षीय रिमोन टंडन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)’ नामक दुर्लभ और जटिल बीमारी से ग्रसित है। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया था कि इस बीमारी के लिए विशेष चिकित्सा पद्धति की आवश्यकता है, जिसमें करीब 12 लाख रुपये का खर्च आएगा। रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन छोटे किसान हैं और खेती-किसानी से परिवार चलाते हैं। इतनी बड़ी रकम जुटा पाना उनके बूते से बाहर था, जिससे पूरा परिवार गहरे अवसाद में था।
नन्हे रिमोन ने गीत गाकर CM को कहा धन्यवाद
मुलाकात के दौरान एक बेहद भावुक दृश्य उस वक्त सामने आया जब सहायता मिलने से प्रफुल्लित नन्हे रिमोन ने मुख्यमंत्री को मधुर स्वर में गीत गाकर सुनाया। मुख्यमंत्री श्री साय ने बड़े स्नेह से उसका गीत सुना, उसकी पीठ थपथपाई और उसे मन लगाकर पढ़ाई करने तथा स्वस्थ होकर अपने सपनों को साकार करने का आशीर्वाद दिया।
पिता अजय टंडन ने भावुक होकर कहा कि मुख्यमंत्री जी ने उनकी सबसे बड़ी चिंता को अपनी चिंता बना लिया। शासन के इस सहयोग से अब उनके मासूम बेटे को नया जीवन मिल सकेगा।




