Chhattisgarhजनसेवाजाँजगीर -चाँपा

मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा व अग्रसेन सेवा समिति के तत्वावधान में सामूहिक एकादशी उद्यापन संपन्न, 14 जोड़ों ने लिया हिस्सा; धूमधाम से निकली शालिग्राम जी की बारात

अग्रसेन भवन नैला में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन, वृंदावन के आचार्य ने कराया तुलसी विवाह और कथा श्रवण

जांजगीर-चांपा, 24 नवंबर 2026। मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा एवं अग्रसेन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में अग्रसेन भवन नैला जांजगीर में दो दिवसीय सामूहिक एकादशी उद्यापन का भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में कुल 14 जोड़ों ने हिस्सा लेते हुए विधि-विधान से उद्यापन किया। आयोजन के तहत 20 नवंबर की सुबह वृंदावन से पधारे वेदव्यास जी महाराज ने यजमानों को पूजन करवाया और एकादशी कथा का श्रवण कराया।

कथा के उपरांत तुलसी मैया एवं भगवान शालिग्राम जी की आरती की गई, जिसके बाद उपवास रखने वालों के लिए फलाहार और परिवार के सदस्यों के लिए भोजन की व्यवस्था रही। शाम को भगवान शालिग्राम जी की भव्य बारात निकाली गई और विधि-विधान से मां तुलसी का विवाह संपन्न कराया गया, वहीं दूसरे दिन मां तुलसी की विदाई, हवन, शय्यादान और गोदान के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।

कम लागत में पूरा हुआ श्रद्धालुओं का संकल्प

मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (जोन-4) अमर सुल्तानिया की उपस्थिति तथा प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत गांधी व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रीना केडिया के निर्देशन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। अमर सुल्तानिया ने कहा कि कई लोग अपने घर में उद्यापन कराने के बारे में केवल सोचते रह जाते हैं, लेकिन इस सामूहिक आयोजन से वे कम लागत में अपना संकल्प पूरा कर पा रहे हैं। उन्होंने भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह की सराहना की, वहीं अग्रसेन सेवा समिति के अध्यक्ष संजय गोपालपुरिया ने इसे समाज के लिए पुण्य का कार्य बताते हुए आगे भी निरंतर सहयोग करने की बात कही।

पदाधिकारियों और महिलाओं का रहा विशेष सहयोग

जागृति शाखा की अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि विगत दो वर्षों से आयोजित यह सामूहिक उद्यापन अग्रजनों को खूब पसंद आ रहा है। इस अवसर पर प्रांतीय निदेशक सुनीता मोदी, प्रांतीय संयोजक शिखा अग्रवाल, प्रांतीय सहसंयोजक कल्याणी भोपालपुरिया व अनुपमा गोयल, सचिव अनीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ममता मोदी, बबीता गर्ग, संतोष अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, शील अग्रवाल, अनामिका अग्रवाल, बबीता धानुका, पूनम अग्रवाल रुई, ज्योति अग्रवाल और राधा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शाखा के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button