जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

माँ मनका दाई मंदिर पहुंचे कलेक्टर, सपरिवार की पूजा-अर्चना; जर्जर सड़क सुधारने का दिया आश्वासन


जाँजगीर-चांपा: शक्ति की उपासना के महापर्व चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जाँजगीर के सुप्रसिद्ध माँ मनका दाई मंदिर (खोखरा) में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी भक्तिमय माहौल के बीच जिले के कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने सपरिवार मंदिर पहुँचकर माता के चरणों में मत्था टेका और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।


कलेक्टर और एसपी को दिया गया था आमंत्रण
इससे पूर्व, मनका दाई ट्रस्ट खोखरा के सचिव उपेन्द्र तिवारी और सदस्य तरुण राठौर ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक  विवेक शुक्ला से मुलाकात कर उन्हें चैत्र नवरात्रि पर्व के लिए आधिकारिक आमंत्रण पत्र और श्रीफल भेंट किया था। इसी आमंत्रण पर कलेक्टर महोदय मंदिर पहुंचे।


भोर की आरती और विधि-विधान से पूजा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 मार्च को सुबह 6 बजे कलेक्टर महोदय सपरिवार मनका दाई मंदिर प्रांगण पहुँचे। मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित दिनेश महाराज ने पूर्ण विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। कलेक्टर ने माता की आरती में भाग लिया और मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता की जानकारी ली।

खास बात: माँ मनका दाई मंदिर में प्रतिवर्ष क्वार और चैत्र नवरात्रि में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज से दर्शन के लिए आते हैं। यहाँ नौ दिनों तक भव्य मेले का भी आयोजन होता है।

ट्रस्ट की मांग: जर्जर बाईपास सड़क का होगा कायाकल्प
दर्शन के पश्चात मंदिर ट्रस्ट के सचिव उपेन्द्र तिवारी, अध्यक्ष राधे थवाइत और सदस्य मनहरन थवाइत ने कलेक्टर को मंदिर मार्ग की प्रमुख समस्या से अवगत कराया। बताया कि मंदिर बाईपास सड़क लंबे समय से जर्जर है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

आश्वासन: कलेक्टर ने स्वयं जर्जर सड़क का निरीक्षण किया और ट्रस्ट के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) या अन्य किसी विशेष मद से इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाएगा।


श्रद्धालुओं में खुशी की लहर
कलेक्टर के इस दौरे और सड़क निर्माण के आश्वासन के बाद मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है। लोगों का मानना है कि सड़क सुधरने से भविष्य में होने वाले मेलों और दर्शनार्थियों के लिए मार्ग सुगम हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button