Chhattisgarh

खाकी पर दाग: ओडिशा में ASI रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, वियतनाम यात्रा और विदेशी मुद्रा देख उड़े विजिलेंस के होश!


सुंदरगढ़/ओडिशा: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा विजिलेंस ने सुंदरगढ़ जिले के बडागांव थाने में तैनात ASI अरूपा नंदा दास को ₹25,000 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद जब विजिलेंस ने ASI के ठिकानों पर दबिश दी, तो जो खुलासे हुए उन्होंने सबको हैरान कर दिया। विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, एएसआई अरूपा नंदा ने एक स्थानीय ढाबा मालिक से उसके खिलाफ दर्ज मामले में मदद करने और बिना किसी बाधा के धंधा चलने देने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलते ही विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया और एएसआई को पैसे लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।


छापेमारी में मिला ‘खजाना’, वियतनाम कनेक्शन आया सामने
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने भुवनेश्वर और बडागांव स्थित सरकारी क्वार्टरों सहित 4 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। तलाशी के दौरान अधिकारियों को क्या-क्या मिला, देखें: नकदी: ₹3.31 लाख की भारी-भरकम कैश बरामद। विदेशी मुद्रा: जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि एएसआई पिछले साल वियतनाम की यात्रा पर गया था। उसके पास से वियतनाम और नेपाल की विदेशी मुद्राएं भी जब्त की गई हैं।आय से अधिक संपत्ति: इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और विदेशी दौरों को देखते हुए विजिलेंस ने अब आय के स्रोतों की गहराई से जांच शुरू कर दी है।


भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ओडिशा विजिलेंस ने राउरकेला विजिलेंस पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी एएसआई को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। विजिलेंस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस धांधली में और कौन-कौन से सफेदपोश या पुलिसकर्मी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button