नैला के व्यापारी से 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का आरोपी केरल से गिरफ्तार: व्हाट्सएप पर शादी कार्ड की APK फाइल भेजकर हैक किया था मोबाइल


NCRP पोर्टल से मिले सुराग के आधार पर जांजगीर साइबर पुलिस ने केरल के मल्लपुरम जिले में दबिश देकर आरोपी अब्दुल अजीज को दबोचा
खाते में गुजरात से जुड़ी 21 हजार रुपये की संदिग्ध रकम भी मिली, पुलिस ने बैंक खाता सीज कर आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर
जांजगीर-चांपा। साइबर अपराधों के विरुद्ध जांजगीर-चांपा पुलिस की मुहिम को एक और बड़ी सफलता मिली है। जांजगीर साइबर थाना पुलिस ने नैला स्टेशन रोड निवासी एक व्यक्ति से 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को केरल राज्य से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मल्लपुरम (केरल) के रूप में हुई है।
शादी के कार्ड के बहाने APK फाइल भेजकर किया था मोबाइल हैक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नैला स्टेशन रोड निवासी प्रार्थी राजेश कुमार थवाईत के व्हाट्सएप पर 6 जून 2026 को शादी के निमंत्रण कार्ड के बहाने एक एपीके (APK) फाइल भेजी गई थी। प्रार्थी द्वारा फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और खाते से लिंक एसबीआई (SBI) बैंक अकाउंट से अज्ञात व्यक्ति ने 98 हजार रुपये निकाल लिए। प्रार्थी की शिकायत पर साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
NCRP पोर्टल से मिला सुराग, खाते में मिली गुजरात की ठगी की रकम भी
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर टीम ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी खंगाली। सुराग मिलने पर पुलिस टीम केरल के मल्लपुरम पहुंची और आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी के 98 हजार रुपये अपने खाते में मंगाकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल करना स्वीकार किया। जांच में आरोपी के खाते में 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध रकम भी मिली है, जिसके संबंध में गुजरात से NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और बैंक खाता जब्त कर अकाउंट को सीज करा दिया है, तथा ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाकर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांजगीर पुलिस की आम नागरिकों से अपील
जांजगीर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि व्हाट्सएप पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक या एपीके (APK) फाइल को डाउनलोड न करें। साइबर ठग शादी के कार्ड, ई-चालान या सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ऐसी खतरनाक फाइलें भेजते हैं। किसी परिचित के नंबर से भी ऐसी फाइल आने पर सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक प्रतीक सिंह और आरक्षक राजा जयप्रकाश रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।



