‘स्वच्छ शौचालय–गरिमामय भविष्य’: 10 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, उत्कृष्ट शौचालय वाले हितग्राही होंगे सम्मानित


विश्व शौचालय दिवस पर स्वच्छता अभियान शुरू; मोबाइल ऐप से होगी जियो-टैगिंग मॉनिटरिंग
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम के मार्गदर्शन में 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस मनाया गया। इस मौके पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं को मजबूत करने और शौचालयों के नियमित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। संयुक्त राष्ट्र की वर्ष 2026 की थीम ‘सेफ़ टॉयलेट्स इक्वल फ्यूचर्स’ (सुरक्षित शौचालय – समान भविष्य) के अनुरूप ‘स्वच्छ शौचालय – गरिमामय भविष्य’ नाम से यह अभियान 10 दिसंबर 2026 तक चलाया जाएगा।
स्कूल, आंगनबाड़ी और सार्वजनिक परिसरों पर विशेष ध्यान
अभियान के दौरान गांवों में बने सामुदायिक स्वच्छता परिसरों और संस्थागत शौचालयों को पूरी तरह क्रियाशील और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवनों में मौजूद शौचालयों की मरम्मत के साथ-साथ महिलाओं, बालिकाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा सिंगल पिट शौचालयों को ट्विन पिट में बदलने, सेप्टिक टैंक सुधारने और दीवार लेखन के जरिए स्वच्छता संदेश प्रसारित करने की कार्ययोजना पर काम शुरू किया गया है।
30 नवंबर तक स्वच्छ सेवा आकलन पूरा करने का लक्ष्य
प्रशासन ने स्वच्छ सेवा आकलन की समीक्षा करते हुए उन ग्राम पंचायतों को 30 नवंबर 2026 तक स्व-मूल्यांकन, ग्राम सभा सत्यापन और अंतिम सबमिशन पूरा करने के निर्देश दिए हैं, जहां यह काम अब तक अधूरा है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अभियान की सभी गतिविधियों की जियो-टैगिंग की जाएगी। इसमें काम शुरू होने से पहले और बाद के फोटोग्राफ के साथ पूरी रिपोर्टिंग मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज होगी।
बेहतर रखरखाव करने वाले हितग्राही और संस्थान होंगे पुरस्कृत
स्वच्छता के प्रति प्रतिस्पर्धा और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक विकासखंड से दो उत्कृष्ट सामुदायिक स्वच्छता परिसर और दो उत्कृष्ट संस्थागत शौचालयों का चयन कर जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसी तरह व्यक्तिगत शौचालय श्रेणी में भी बेहतर रखरखाव करने वाले हितग्राहियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें 10 दिसंबर को अभियान के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।




