कोरबा गया था परिवार, सूने घर का ताला तोड़कर टीवी व होम थिएटर ले उड़ा चोर; 12 घंटे में दबोचा गया


जांजगीर के विद्या नगर की घटना, सिवनी के युवक से चोरी का सामान व बाइक बरामद कर पुलिस ने भेजा जेल
जांजगीर, 25 नवंबर 2026। परिवार के बाहर जाते ही सूने मकान का ताला तोड़कर घरेलू सामान समेट ले जाने वाले चोर को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी गया टीवी, होम थिएटर व अन्य सामान के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है।
विद्या नगर निवासी मोंगरा बाई अपने परिवार के साथ कोरबा में भी रहती हैं और बीच-बीच में जांजगीर स्थित घर आती-जाती रहती हैं। 20 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे वह अपने बेटे के साथ मकान में ताला लगाकर कोरबा चली गई थीं। तीन दिन बाद 23 नवंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे जब वह वापस लौटीं, तो दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और कमरे से टीवी, होम थिएटर व बर्तन गायब थे।
मुखबिर की सूचना पर सिवनी से पकड़ा गया आरोपी
मकान मालकिन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने चांपा क्षेत्र के सिवनी करवार पारा निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (26) को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
निशानदेही पर सामान बरामद, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया टीवी, होम थिएटर, घरेलू सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एसआई दिलीप सिंह, पीएसआई दिव्या सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी और आरक्षक दिलीप सिंह की भूमिका रही।




