विधानसभा में गूंजा वन्यजीव संरक्षण का मुद्दा, 24 माह में 9 बाघ और 38 हाथियों की मौत पर विधायक शेषराज हरवंश ने उठाए सवाल

सदन में आंकड़े पेश कर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल, ‘हाथी मित्र दल’ की भूमिका पर भी किया सवाल
जांजगीर/पामगढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान वन्यजीव संरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। पामगढ़ से कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश ने सदन में प्रदेश में वन्यजीवों की मौत के आंकड़े रखते हुए वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार के पिछले 24 महीनों के कार्यकाल में बाघों, हाथियों और अन्य वन्यजीवों की बड़ी संख्या में मौत होना चिंता का विषय है।
24 महीनों में बाघ और हाथियों की मौत पर चिंता
विधायक शेषराज हरवंश ने सदन में तारांकित प्रश्न के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि दिसंबर 2023 से जनवरी 2026 के बीच प्रदेश में कुल 9 बाघों की मौत हुई है। इनमें से तीन बाघों की मृत्यु समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण हुई, जबकि दो बाघों का अवैध शिकार बिजली के करंट से किया गया। इसी अवधि में प्रदेश में 38 हाथियों की मौत दर्ज की गई, जिनमें से 13 हाथियों की मौत अवैध बिजली करंट की चपेट में आने से हुई। इसके अलावा अन्य प्रजातियों के 562 वन्यजीव अस्वाभाविक परिस्थितियों में मृत पाए गए।
‘हाथी मित्र दल’ की भूमिका पर उठाए सवाल
विधायक हरवंश ने सदन में कहा कि जब वन विभाग के पास बाघों और हाथियों की निगरानी के लिए ट्रैकिंग टीम और संसाधन उपलब्ध हैं, तब भी ऐसी घटनाएं कैसे हो रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि हाथियों की सुरक्षा के लिए गठित ‘हाथी मित्र दल’ इन घटनाओं के दौरान क्या कर रहा था। उन्होंने यह भी पूछा कि अवैध बिजली तार बिछाकर वन्यजीवों का शिकार करने वालों के खिलाफ अब तक क्या ठोस कार्रवाई की गई है और विभाग इसे रोकने के लिए क्या कदम उठा रहा है।
सड़क हादसों में भी हो रही वन्यजीवों की मौत
विधायक ने बताया कि अन्य वन्यजीवों की मौत के मामलों में बड़ी संख्या सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी है। उन्होंने सरकार से पूछा कि वन्यजीवों को सड़कों पर होने वाले हादसों से बचाने के लिए क्या अंडरपास या अन्य सुरक्षा उपायों की योजना बनाई जा रही है।
पामगढ़ क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे भी उठाए
वन्यजीवों के मुद्दे के साथ ही विधायक शेषराज हरवंश ने अपने निर्वाचन क्षेत्र पामगढ़ की विभिन्न समस्याओं को भी सदन में उठाया। उन्होंने पामगढ़ महाविद्यालय में सेमिनार हॉल निर्माण, ग्राम झिलमिली पहुंच मार्ग निर्माण तथा पामगढ़ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के लिए नए भवन के निर्माण की मांग रखी।
विधायक द्वारा उठाए गए इन सवालों ने प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण और विभागीय निगरानी व्यवस्था को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।



