क्राइमजाँजगीर -चाँपा

23 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जांजगीर पुलिस ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की गई है।

जिले की पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल ने पदभार संभालते ही सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यपऔर सीएसपी श्रीमती योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस लगातार पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर रही है।

खोखरा में घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी जानकारी के मुताबिक, कोतवाली पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम खोखरा में एक युवक अवैध शराब की बड़ी खेप के साथ घूम रहा है और उसे खपाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता ने एक विशेष टीम रवाना की। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर प्रीतम राठौर (27 वर्ष) निवासी खोखरा को पकड़ा।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 23 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई जिसकी कुल कीमत करीब 3,450 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी), सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, आरक्षक शंकर राजपूत, लीला राम साह, रेखा यादव और नीतीश विश्वकर्मा की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button