
SP विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में कोतवाली पुलिस का सघन अभियान, शराबखोरी, जुआ और मोटरयान अधिनियम के तहत भी कार्रवाई।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग एवं धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अभियान में जुआ, सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की गई।
ग्राम मुनुन्द में जुआ खेलते 10 लोग गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार ग्राम मुनुन्द में सार्वजनिक स्थानों पर अलग-अलग जगहों पर जुआ खेलने की सूचना पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान 10 लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से ₹18 हजार नकद एवं जुआ सामग्री जब्त की गई। सभी के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
शराबखोरी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान नैला रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच और पहचान का सत्यापन किया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले 4 लोगों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 मोटरसाइकिल चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
लोगों से सहयोग की अपील, अभियान रहेगा जारी
अभियान के दौरान पुलिस ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की सुरक्षा संबंधी जानकारी भी ली। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग एवं धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



