चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले 2 युवक गिरफ्तार, जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

शारदा चौक पर राहगीरों को डरा रहे थे बिलासपुर के दो बदमाश, कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा; स्कॉर्पियो जब्त
जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) द्वारा अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जांजगीर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एएसपी डॉ. यूलैंडन यॉर्क एवं सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर नकली पिस्टल और तलवार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानिए कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि शारदा चौक मेन रोड पर एक स्कॉर्पियो में सवार दो युवक चलती गाड़ी से नकली पिस्टल और तलवार लहराते हुए आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शारदा चौक के पास घेराबंदी की और स्कॉर्पियो को रोककर दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सोहन उर्फ साहिल सिंह पांडू (22 वर्ष, निवासी भदौरा) और निखिल बाधड़े (21 वर्ष, निवासी भनेसर, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर) बताया।
नकली पिस्टल, चापड़ (तलवार) और स्कॉर्पियो जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 नग नकली पिस्टल और 1 नग धारदार चापड़/तलवार बरामद की। हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर पुलिस ने नकली पिस्टल, तलवार और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस की आम नागरिकों से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।



