बिलासपुर में सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद के बाद पथराव, पुलिसकर्मी भी घायल; संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई सुरक्षा

दो पक्षों के विवाद के बाद खपरगंज-मसानगंज में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, कलेक्टर-SP ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद पथराव और मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।घटना की गंभीरता को देखते हुए खपरगंज, मसानगंज सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
विवाद के दौरान पुलिस पर भी पथराव

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। इसमें टीआई समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया। घटना की सूचना के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर-SP ने की शांति बनाए रखने की अपील
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की पहचान आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि विवाद और पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव की स्थिति बन गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी सहित विवाद के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह को सोशल मीडिया पर साझा न करें। पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त कर रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।




