छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर केंद्राध्यक्षों का प्रशिक्षण संपन्न, पारदर्शी परीक्षा संचालन व विद्यार्थियों की काउंसलिंग पर दिया गया विशेष जोर

जांजगीर-चांपा। कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के उद्देश्य से जिले में केंद्राध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने की।
कलेक्टर श्री महोबे ने परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि गोपनीयता, अनुशासन एवं पारदर्शिता के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अक्षरशः अनुपालन पर बल दिया।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छ शौचालय तथा परीक्षार्थियों को समयपूर्व सुव्यवस्थित बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि में केंद्राध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। साथ ही पर्यवेक्षकों को मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करने तथा परीक्षार्थियों से अनावश्यक बातचीत से बचने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर परीक्षा के भय को दूर किया जाए तथा अधिक से अधिक आदर्श प्रश्नपत्रों का अभ्यास कराया जाए, ताकि वार्षिक परीक्षा से पूर्व उनकी तैयारी सुदृढ़ हो सके।


आधार कार्ड शिविर एवं अपार आईडी पर निर्देश
बैठक में विद्यालयों में आधार कार्ड शिविर आयोजित कर प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों के अपार आईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए शेष पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराने तथा नाम या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर समयबद्ध सुधार कराने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी  अशोक कुमार सिन्हा ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से प्राप्त बिंदुओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button