माताओं-बहनों का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: सीएम विष्णु देव साय

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास पर आयोजित तीज मिलन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री; लोक कलाकारों का हुआ सम्मान

🔴 आज की बात News | रायपुर। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के रायपुर स्थित निवास पर भव्य तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आईं माताओं-बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं और विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। इस दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत गाकर मातृशक्ति का पारंपरिक अभिनंदन किया।
महतारी वंदन योजना से मिल रहा आर्थिक संबल

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में मातृशक्ति का स्थान सर्वोपरि है। राज्य सरकार महिलाओं को योजनाओं के केवल हितग्राही नहीं, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में बराबर का भागीदार मानती है। उन्होंने बताया कि ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 68 लाख से अधिक बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये भेजे जा रहे हैं। अब तक 31 किस्तों में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है, जिससे महिलाएं बचत और छोटे स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं।
13.85 लाख लखपति दीदियां बनीं सशक्तिकरण का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आर्थिक गतिविधियों और छोटे व्यवसायों के माध्यम से परिवार की आय बढ़ाने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति दे रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं, जहां प्रतिदिन करीब 1,600 आवासों का निर्माण तीव्र गति से किया जा रहा है।

₹650 करोड़ की लागत से बन रही फिल्म सिटी, कलाकारों का सम्मान
छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और प्रतिभाओं को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए राज्य में लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की लोक कला एवं संस्कृति को संवारने वाले वरिष्ठ कलाकारों को सम्मानित कर उनकी सेवाओं की सराहना की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, केश शिल्पी विकास बोर्ड के अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास, चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कलाकार और मातृशक्ति उपस्थित रहीं।




