कबीरधाम पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का किया भंडाफोड़, कंटेनर से 192 पैकेट गांजा समेत 2.30 करोड़ की संपत्ति जब्त


ओडिशा से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ ले जाई जा रही थी 407 किलो 330 ग्राम की खेप, ड्राइवर सीट के ऊपर गुप्त चेंबर बनाकर छिपाया था माल; यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा, 25 नवंबर 2026। ओडिशा से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ ले जाई जा रही गांजे की एक बड़ी अंतरराज्यीय खेप को छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पकड़ा गया है। चिल्फी पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर सघन कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध कंटेनर से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कंटेनर में ड्राइवर सीट के ऊपर एक विशेष गुप्त चेंबर बनाया था, जिसमें गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
तलाशी के दौरान शुरुआत में कंटेनर पूरी तरह खाली नजर आ रहा था, लेकिन संदेह होने पर पुलिस टीम ने वाहन के अंदरूनी हिस्से की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान ड्राइवर सीट के ठीक ऊपर बने इस गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर खोलने पर उसके भीतर छिपाकर रखे गए 192 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 407 किलो 330 ग्राम निकला।
करीब 2.30 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
बरामद किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये आंकी गई है। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर और अन्य सामान सहित कुल जब्ती की कीमत करीब 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह खेप ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। अब कबीरधाम पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि ओडिशा में गांजे की आपूर्ति किसने की थी और अलीगढ़ में इसे किसे सौंपा जाना था।



