क्राइमजाँजगीर -चाँपा

दिवाली से पहले अवैध पटाखों के जखीरे पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: 75 हजार के पटाखों के साथ कारोबारी गिरफ्तार

बिर्रा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, 68 किलो अवैध फटाका जब्त; त्योहार पर अवैध भंडारण पर सख्ती

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में अवैध आतिशबाजी, जुआ और सट्टा कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़े पैमाने पर धरपकड़ अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बिर्रा थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित दबिश देकर अवैध रूप से भारी मात्रा में रखे पटाखों के जखीरे को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से आरोपी कारोबारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 75 हजार रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं।

बिना अनुमति घर/दुकान में छिपाकर रखा था पटाखों का स्टॉक

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने और बिना वैध लाइसेंस अथवा अनुमति के ज्वलनशील व विस्फोटक सामग्रियों के भंडारण पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में बिर्रा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बिर्रा निवासी रूपेश अग्रवाल द्वारा अपने कब्जे में भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण कर रखा गया है, जिससे क्षेत्र में किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

68 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद, विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज

सूचना मिलते ही बिर्रा थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव और साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से अलग-अलग किस्मों के कुल 68 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए, जिनका बाजार मूल्य लगभग 75,000 रुपये आंका गया है। पटाखों के भंडारण और बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया। आरोपी रूपेश अग्रवाल के खिलाफ थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 147/2026, धारा 9 (ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव, एएसआई तीजराम जांगड़े, आरक्षक लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी, रामसाय साहू सहित साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, साइबर टीम व थाना बिर्रा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान अवैध भंडारण और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button