नाबालिग से अनाचार का आरोपी सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से गिरफ्तार: मुलमुला पुलिस को साइबर सेल की मदद से मिली सफलता

घटना के बाद से सकुनत से था फरार, पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर भेजा न्यायिक रिमांड पर
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। नाबालिग पीड़िता से जबरन अनाचार के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को थाना मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोसी जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही अपने मूल निवास से फरार था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। जांजगीर साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने उसे जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के थाना सलिहा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम थारगांव से दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सूनेपन का फायदा उठाकर दिया था वारदात को अंजाम
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी की शिकायत पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 425/2026, धारा 64(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 4(1), 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान तथ्य सामने आए कि बीते 8 मार्च 2026 को आरोपी नंदलाल साहू (24 वर्ष), निवासी ग्राम रानीगढ़ (थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) ने सूनेपन का नाजायज फायदा उठाकर नाबालिग पीड़िता के साथ जबरन अनाचार किया था। घटना के बाद से आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।
साइबर सेल की मदद से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के दिशा-निर्देशन में मुलमुला पुलिस द्वारा आरोपी की सघन पतासाजी की जा रही थी। साइबर थाना जांजगीर की तकनीकी सहायता से आरोपी का लोकेशन ग्राम थारगांव में ट्रेस हुआ, जिसके बाद तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
उक्त त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक शिवानंद सिंह (थाना प्रभारी मुलमुला), सायबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, पीएसआई पुरेंद्र कुमार (थाना सलिहा), प्रधान आरक्षक विवेक सिंह तथा आरक्षक शनोहर जगत, राजेश कश्यप, ओमप्रकाश डहरिया एवं सलिहा थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




