क्राइमजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर: अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वाले पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 4.50 लाख के पटाखे बरामद

एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर चला अभियान; आरोपी राहुल महंत के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में जुआ, सट्टा एवं अवैध विस्फोटक सामग्रियों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण की पुख्ता सूचना पर तत्परता से दबिश देकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं।

वार्ड 20 में दबिश देकर 1.60 क्विंटल पटाखा जब्त

सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 20 में बिना किसी वैधानिक अनुमति के भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना की तस्दीक होते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी राहुल महंत (निवासी वार्ड क्रमांक 20, जांजगीर) के कब्जे से एक क्विंटल 60 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए। बाजार में जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

BNS और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

अवैध भंडारण पर पुलिस ने आरोपी राहुल महंत के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 866/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख)(1)(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, भीम श्रीवास सहित कोतवाली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि त्योहार के दौरान पटाखों का भंडारण एवं क्रय-विक्रय तय सुरक्षा नियमों और अनुमति के तहत ही करें, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button