संभागायुक्त ने करूमहू और बनारी में परखा डिजिटल क्रॉप सर्वे: पीव्ही ऐप के भौतिक सत्यापन का लिया जायजा

कलेक्टर की मौजूदगी में दिए कड़े निर्देश; कहा- खेतों में बोई फसल की वास्तविक स्थिति के अनुरूप ही हो एंट्री
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। संभागायुक्त सुनील जैन ने जिले के ग्राम करूमहू और बनारी में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा पीव्ही (PV) ऐप के जरिए किए जा रहे भौतिक सत्यापन कार्य का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने सीधे खेतों की मेड़ों पर पहुंचकर किसानों के खसरों में दर्ज की जा रही फसलों की प्रविष्टि का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों से सर्वे की गति व आंकड़ों की जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जांजगीर एसडीएम सुब्रत प्रधान, अकलतरा एसडीएम सुमित बघेल सहित राजस्व अमला मौजूद रहा।
गलत प्रविष्टि पर रोक, त्रुटि मिलने पर तुरंत दोबारा सर्वे के आदेश
संभागायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में फसलों की प्रविष्टि वास्तविक स्थिति के अनुरूप ही दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डेटा की शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक खसरे का धरातल पर सत्यापन कर सही जानकारी दर्ज की जाए। यदि भौतिक स्थिति और दर्ज जानकारी में कोई भिन्नता या त्रुटि पाई जाती है, तो बिना देर किए तत्काल दोबारा सर्वे कर रिकॉर्ड दुरुस्त किया जाए।
पड़त भूमि का सही अंकन और शेष खसरों का काम जल्द निपटाने की ताकीद
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने खेतों में बिना बोवनी वाली पड़त भूमि का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन खेतों में फसल नहीं लगी है, उन्हें नियमानुसार पड़त भूमि के रूप में ही दर्ज करें, ताकि आंकड़ों में पारदर्शिता बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने जिले में शेष बचे खसरों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को तय समय-सीमा के भीतर समूचा सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।




