Chhattisgarh

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करना होगा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध; मुख्यमंत्री ने सरकार, पुलिस और सामाजिक संगठनों से मिलकर काम करने की अपील की

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के लिए सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। इनका उन्मूलन केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इन बुराइयों के खिलाफ सामूहिक प्रयासों से जनआंदोलन खड़ा करना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री साय रविवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा का सीधा संबंध महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से है। इन विषयों पर न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाना सराहनीय पहल है। कार्यशाला में मिले सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उपयोगी होंगे।

मानव तस्करी रोकने जागरूकता और सतर्कता जरूरी

मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से इसमें कमी आई है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में परिचित व्यक्ति ही नौकरी या बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसा लेते हैं। इसलिए परिवार और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता जरूरी है।

उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सांसद रहते हुए दिल्ली में उनके सामने मानव तस्करी के कई मामले आए। ऐसे मामलों में पहल कर कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास कर रही है।

प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। यहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहयोग सहित आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

महिलाओं की सहायता के लिए 24 घंटे महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा महिला थानों और पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। छत्तीसगढ़ पुलिस का अभिव्यक्ति ऐप भी महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करने में मदद कर रहा है।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्राथमिकता है। महतारी वंदन योजना की 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और प्रदेश में 68 लाख से अधिक महिलाएं इससे लाभान्वित हो रही हैं। योजना के तहत मिलने वाली एक हजार रुपये की मासिक सहायता महिलाओं को आर्थिक संबल दे रही है। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग छोटे व्यवसाय शुरू करने में भी कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखपति दीदी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यशाला के सुझावों को धरातल पर उतारने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। कार्यशाला की सार्थकता तभी होगी, जब यहां हुए विचार-विमर्श और सुझावों को व्यवहार में उतारा जाएगा और महिलाओं तथा बेटियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार होगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

Related Articles

Back to top button