Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

वजन त्यौहार के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय बैठक, 01 से 14 दिसंबर तक 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का किया जाएगा वजन

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने की तैयारियों की समीक्षा

रेडी-टू-ईट वितरण, किशोरी बालिकाओं की एनीमिया जांच और दीवार लेखन के जरिए प्रचार के दिए निर्देश।

जांजगीर-चांपा। जिले में आगामी 01 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों और सफल क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पूरक पोषण आहार योजना के तहत वितरित की जाने वाली रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री के उपयोग को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा 06 माह से 03 वर्ष तक के बच्चों को मिलने वाली रेडी-टू-ईट सामग्री का स्वयं उपयोग करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित करने को कहा। साथ ही परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत सामग्री प्राप्त हो और उसका सही उपयोग सुनिश्चित हो।

जोन और क्लस्टर में बंटेंगी परियोजनाएं, किशोरी बालिकाओं की होगी जांच

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल ने बताया कि वजन त्यौहार के दौरान जिले में 0 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों का वजन किया जाएगा। इसके लिए विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के मार्गदर्शन में परियोजना अधिकारियों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रतिदिन 3 से 5 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का वजन लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग द्वारा किशोरी बालिकाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण (एनीमिया जांच) भी किया जाएगा और प्रचार-प्रसार के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं द्वारा दीवार लेखन कराया जाएगा।

समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को अपने-अपने अनुभाग की परियोजनाओं को जोन और क्लस्टर में विभाजित कर जोनल अधिकारियों की नियुक्ति करने तथा क्लस्टरवार तिथि निर्धारित कर समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, आर.के. तम्बोली, प्रमोद गुप्ता, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button