श्री दूधाधारी मठ में श्रीराम कथा का तीसरा दिन: स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने बताया ‘माँ’ शब्द का आध्यात्मिक अर्थ, बोले—अहंकार ही रावण के विनाश का कारण बना



महोत्सव के तृतीय दिवस पर श्रोताओं ने किया कथा का रसपान; वर्तमान परिवेश पर बोले महाराज जी समाज को नीचे गिराकर उत्थान करना संभव नहीं।
रायपुर। श्री दूधाधारी मठ महोत्सव के अंतर्गत आयोजित श्रीराम कथा के तृतीय दिवस पर श्रोताओं को आध्यात्मिक रसपान कराते हुए अनंत श्रीविभूषित श्री स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज अवधपुरी धाम (मूल स्थान नेपाल) ने धर्म, समाज और जीवन मूल्यों पर सारगर्भित प्रवचन दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शासक धर्महीन होते जा रहे हैं और वे धर्मात्माओं को भी धर्म के मार्ग से विचलित करना चाहते हैं। समाज को ऊपर उठाने के बजाय नीचे गिराकर उत्थान करने की सोच कभी सफल नहीं हो सकती।
कथा प्रसंग में नारद जी के शिष्यों का उल्लेख करते हुए महाराज जी ने बताया कि उनके चार प्रमुख शिष्य थे, जिनमें दो वृद्ध—महर्षि वाल्मीकि और वेदव्यास जी, तथा दो बालक—भक्त ध्रुव और प्रहलाद प्रसिद्ध हैं। नारद जी जिसके भी जीवन में आए, उसे ईश्वर का साक्षात्कार कराया।
‘माँ’ शब्द का अर्थ और रावण के अहंकार का प्रसंग
प्रवचन के दौरान आचार्य जी ने ‘माँ’ शब्द की गहराई से व्याख्या की। उन्होंने कहा कि माँ का अर्थ केवल जन्म देने वाली जननी तक सीमित नहीं है, बल्कि ‘मा’ संस्कृत का शब्द है जिसका अर्थ लक्ष्मी स्वरूपा होता है—जो अपने वात्सल्य और स्नेह से पूरी सृष्टि को समेट लेती हैं। इसी कारण जगत जननी के लिए इस पवित्र शब्द का उपयोग किया जाता है।

रावण के चरित्र पर प्रकाश डालते हुए स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने कहा कि रावण मानव और वानर को अत्यंत तुच्छ समझता था। उसे घमंड था कि ये दोनों जातियां उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकतीं, इसी अहंकार में उसने ब्रह्मा जी से वरदान मांगा था—“हम काहू के मरहिं न मारें। बानर मनुज जाति दुइ बारे।।” यही अहंकार अंततः उसके समूल विनाश का कारण बना। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भगवान अपनी स्वेच्छा से अवतार धारण करते हैं और उनके अवतरण का केवल कोई एक ही कारण हो, ऐसा नहीं कहा जा सकता।
मुख्य यजमान सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिक रहे उपस्थित
कथा के दौरान मंच पर प्रतिदिन की भांति महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज मुख्य यजमान के रूप में विराजमान रहे। इस अवसर पर कथा श्रवण करने के लिए पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव सनत कुमार वर्मा, विजय पाली, दाऊ राजेश अग्रवाल, रामकृष्ण पाली, पलारी से गोपी साहू, हितेंद्र ठाकुर, तोयनिधि वैष्णव, नरेंद्र गोस्वामी, सुरेश शर्मा, कृष्ण मोहन अग्रवाल और निर्मल दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित थे।





