केंद्रीय जेल रायपुर में कौशल विकास से संवर रहा बंदियों का भविष्य: कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण पूरा करने वाले 70 पुरुष और महिला बंदियों को मिले प्रमाण-पत्र


‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत 40 पुरुष और 30 महिला बंदियों को बनाया गया हुनरमंद, सेवानिवृत्त आईएएस ठाकुर राम सिंह ने सफल बंदियों को दी बधाई।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के अंतर्गत शिक्षा और कौशल विकास को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को केंद्रीय जेल रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षा एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह पहल बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसरों से जोड़ने और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। तकनीकी ज्ञान एवं व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से बंदी भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।
40 पुरुषों ने सीखा कंप्यूटर, 30 महिलाओं ने लिया ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ (CCC) तथा 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर संबंधी व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जेलों को सुधार और पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल
‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से बंदियों को शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और पुनर्वास के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे बंदियों को जेल में बिताए जा रहे समय का रचनात्मक उपयोग करने के साथ रिहाई के बाद आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।



