Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

भाजपा के “प्रशासनिक आतंकवाद” का परिचायक बनी घटना, गरीब महिला जहर पीने को मजबूर : नागेंद्र गुप्ता

नवागढ़ ब्लॉक के सिउड़ गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के सामने महिला ने उठाया आत्मघाती कदम, 50 हजार रुपए मांगने का भी लगा गंभीर आरोप।

जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ ब्लॉक अंतर्गत सिउड़ गांव में बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एक बेहद संवेदनशील घटना सामने आई है। धान खरीदी केंद्र के पास शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम और जेसीबी को देखकर एक गरीब महिला ने जहरीला पदार्थ पी लिया। इस घटना के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नागेंद्र गुप्ता ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए इसे भाजपा के प्रशासनिक आतंकवाद का परिचायक बताया है।

नागेंद्र गुप्ता ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था में गरीब परिवारों को इस कदर प्रताड़ित किया जा रहा है कि वे अब जहर खाने को मजबूर हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सिउड़ गांव में अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व टीम, तहसीलदार, पंचायत प्रतिनिधि और धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान अपनी बेटी के साथ एक छोटी सी झोपड़ी में रहने वाली महिला ने दबाव और खौफ के बीच यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

50 हजार रुपए मांगने का लगा आरोप

पीड़ित पक्ष की ओर से इस मामले में बेहद गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि महिला ने करीब छह महीने पहले ईंट और टीन की छत से महज तीन फीट ऊंचा एक छोटा सा ढांचा बनाकर अपनी बेटी के साथ रहना शुरू किया था। आरोप है कि गांव के ही एक जनप्रतिनिधि और धान खरीदी केंद्र से जुड़े एक व्यक्ति ने अतिक्रमण न हटाने के बदले महिला से 50 हजार रुपए की मांग की थी।

बड़े कब्जे छोड़ गरीब की झोपड़ी पर कार्रवाई?

पैसा नहीं दे पाने पर महिला को जेसीबी से घर तुड़वाने की लगातार धमकी दी जा रही थी और मौके पर मशीन व अधिकारियों को आता देख वह बुरी तरह घबरा गई। पीड़िता की मां ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि धान खरीदी केंद्र के आसपास कई बड़े-बड़े अवैध कब्जे मौजूद हैं, लेकिन उन पर कार्रवाई करने के बजाय सिर्फ उसकी गरीब बेटी की छोटी सी झोपड़ी को निशाना बनाया गया।

अस्पताल से मिली छुट्टी, पुलिस जांच जारी

घटना के तुरंत बाद मौके पर हड़कंप मच गया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को बीच में ही रोककर टीम को वापस लौटना पड़ा। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद अब उसे छुट्टी दे दी गई है। नवागढ़ पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है, जिसमें महिला ने तीन लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button