Chhattisgarhकृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

खेतों में उतरकर फसलों का हाल ले रही प्रशासन की टीम, बारिश से हुए नुकसान पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दिए सर्वे के निर्देश

चक्रवाती तूफान अकवान के असर से दो दिन में हुई 57.4 मिमी बारिश, प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 और फसल बीमा से मिलेगा मुआवजा

जांजगीर-चांपा। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से हुई बेमौसम बारिश के बाद अब जिला प्रशासन किसानों की फसलों को हुए संभावित नुकसान का आकलन करने मैदान में उतर आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के बाद जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित गांवों का दौरा करने को कहा है। प्रशासनिक टीमें सीधे खेतों में पहुंचकर धान की फसलों की स्थिति देख रही हैं और किसानों से बातचीत कर नुकसान का ब्योरा जुटा रही हैं।

जिले में चक्रवाती बारिश के कारण 19 नवंबर को 7.4 मिलीमीटर और 20 नवंबर को 50 मिलीमीटर यानी कुल 57.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फसल क्षति का बारीकी से सर्वेक्षण किया जाए, ताकि नुकसान होने पर पात्र किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जल्द से जल्द आर्थिक सहायता व बीमा दावा राशि दिलाई जा सके।

कटी हुई फसल को सुरक्षित रखने की अपील

जिला प्रशासन ने मौसम के मिजाज को देखते हुए किसानों से अपनी फसल को सुरक्षित रखने की अपील की है। जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, वे फसल को तुरंत खेत से उठाकर किसी ऊंचे और सूखे स्थान पर रखें और बारिश से बचाने के लिए तिरपाल से अच्छी तरह ढंक दें। वहीं, जो धान बारिश में भीग गया है, उसे मौसम खुलने पर धूप में फैलाकर सुखाएं ताकि नमी कम हो और फसल में फफूंदी न लगे।

नुकसान होने पर 72 घंटे में दें बीमा की सूचना

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसान यदि कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल में नुकसान झेल रहे हैं, तो वे 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना जरूर दर्ज कराएं। किसान क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, कृषि विभाग या बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसके लिए उन्हें अपना नाम, पॉलिसी नंबर, आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ऋण पुस्तिका अपने पास रखनी होगी।

Related Articles

Back to top button