बेमौसम बारिश से नष्ट हुई फसलों और धान खरीदी की समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने राज्य सरकार से की तत्काल कर्जमाफी और त्वरित सर्वे की मांग


खेत-खलिहान में भीगी फसल और पटवारियों की हड़ताल से परेशान किसानों के समर्थन में उतरे वरिष्ठ कांग्रेस नेता, मांगें पूरी न होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
सक्ती। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसलों और धान खरीदी केंद्रों की अव्यवस्थाओं को लेकर पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सक्ती में किसानों की बदहाली पर चिंता जताते हुए डॉ. डहरिया ने सरकार से प्रदेश के सभी किसानों का तत्काल अल्पकालीन कृषि ऋण माफ करने और बर्बाद हुई फसलों का शत-प्रतिशत मुआवजा देने की पुरजोर मांग की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि सरकार खुद को किसानों की हितैषी मानती है, तो संकट की इस घड़ी में तुरंत किसानों का कर्जा माफ कर राहत दे।
डॉ. डहरिया ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ का अन्नदाता दोहरी मार झेलने को मजबूर है। एक ओर आसमान से बरस रही बेमौसम की आफत ने खेतों में खड़ी और खलिहानों में रखी धान की फसलों को पूरी तरह तबाह कर दिया है, वहीं दूसरी ओर सरकार के कुप्रबंधन ने किसानों की कमर तोड़ दी है। अपनी मेहनत की फसल को आंखों के सामने खराब होते देख किसान बेहद व्यथित हैं, लेकिन सरकार को उनकी पीड़ा दिखाई नहीं दे रही है।
पटवारियों की हड़ताल से अटकी धान खरीदी
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश भर के पटवारी हड़ताल पर हैं, जिसका सीधा खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। हड़ताल के चलते न तो गिरदावरी का काम हो पा रहा है और न ही किसानों के जरूरी राजस्व दस्तावेज बन पा रहे हैं, जिससे धान खरीदी बुरी तरह प्रभावित हो रही है और किसान अपनी उपज बेचने के लिए भटक रहे हैं।
मुआवजे के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति
डॉ. डहरिया ने कहा कि प्रशासनिक अमला अभी तक प्रभावित गांवों में फसल क्षति का वास्तविक आकलन करने तक नहीं पहुंचा है और सरकार केवल कागजी खानापूर्ति कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों के हित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल राहत और कर्जमाफी जैसे बड़े फैसले लिए गए थे, जबकि मौजूदा सरकार ठोस कदम उठाने के बजाय केवल दिखावे में व्यस्त है।
मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सरकार से सभी किसानों का अल्पकालीन कृषि ऋण माफ करने, नष्ट हुई फसलों का युद्धस्तर पर सर्वे कराकर प्रति एकड़ सम्मानजनक मुआवजा देने और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत धान खरीदी की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों की इन जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करेगी।




