देशी फार्म हाउस से मुर्गियां और कैमरा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अंदर लगे CCTV में कैद हो गई थी पूरी वारदात


चोरी की दो मुर्गियां खाकर तालाब में फेंके थे पंख, पुलिस ने आरोपी के घर से बरामद किया 4 हजार का बुलेट कैमरा
जांजगीर चाम्पा। देशी फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर मुर्गियां और सीसीटीवी कैमरा चुराने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की यह पूरी वारदात फार्म हाउस के भीतर लगे दूसरे कैमरे में कैद हो गई थी, जिसकी फुटेज से आरोपी की पहचान हुई। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी गया करीब चार हजार रुपये कीमत का बुलेट कैमरा भी बरामद कर लिया है।
मामला नवागढ़ क्षेत्र का है, जहां इलियास खान (24) का देशी फार्म हाउस है। 16 नवंबर की रात करीब 12:40 बजे अज्ञात व्यक्ति दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और 8 से 10 मुर्गियों के साथ बाहर लगा एक सीसीटीवी कैमरा उखाड़ ले गया। 18 नवंबर को प्रार्थी ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
फुटेज के आधार पर पकड़ा गया संदेही
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पांडेय की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और अंदर लगे कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज के आधार पर संदेही थानेदार सारथी (47), निवासी नवागढ़ डीहपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घर में छुपाकर रखा था बुलेट कैमरा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए मुर्गों में से दो को वह खा चुका है और सबूत मिटाने के लिए उनके पंख तालाब में फेंक दिए थे। वहीं, चोरी किया गया बुलेट सीसीटीवी कैमरा उसने अपने घर में छुपा रखा था, जिसे पुलिस ने गवाहों के समक्ष जप्त कर लिया। शनिवार शाम आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जेएमएफसी न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पांडेय सहित प्रआर शिवनंदन जलतारे, आरक्षक श्याम शांते और देवराज लसार की भूमिका रही।



