Chhattisgarhधर्म भक्ति

तपोभूमि पर मुझे कथा वाचन करने का अवसर प्राप्त हुआ है यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है -यतिराजाचार्य जी

देवउठनी एकादशी पर श्री दूधाधारी मठ सत्संग भवन में संगीतमय राम कथा और संत सम्मेलन का शुभारंभ, प्रतिदिन दो पालियों में हो रहा आयोजन।

रायपुर। राजधानी के मठपारा स्थित श्री दूधाधारी मठ सत्संग भवन में देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर संगीतमय श्रीराम कथा और भव्य संत सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ हो गया है। अवधपुरी धाम (उत्तर प्रदेश) से पधारे अनंत श्री विभूषित श्री स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने पूजा-अर्चना और हनुमान चालीसा पाठ के बाद कथा वाचन प्रारंभ किया। पहले दिन मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे उत्साह और प्रसन्नचित्त भाव से कथा श्रवण करने पहुंचे।

कथा के दौरान श्रोताओं को संबोधित करते हुए स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन श्री स्वामी बलभद्र दास जी महाराज, जिन्हें लोग दूधाधारी महाराज के रूप में जानते हैं, उनकी इस पावन तपोभूमि पर श्री रघुनाथ जी की कथा कहने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक भूमि पर देश के अनेक श्रेष्ठतम आचार्य कथा वाचन कर चुके हैं, जिससे इसका आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है।

राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी के सानिध्य को बताया गौरव

स्वामी यतिराजाचार्य जी ने मठ के पीठाधीश्वर पूज्य आचार्य राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज के विद्वतापूर्ण व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं डॉक्टरेट और डिलीट की उपाधि से अलंकृत हैं। उन्होंने वाल्मीकि रामायण पर गहन शोध किया है और ऐसे महान विभूति के सानिध्य में कथा सुनाने का अवसर मिलना निश्चित रूप से गौरव का विषय है।

राम नाम के संकीर्तन को बताया बैकुंठ का पाथेय

जीवन और अध्यात्म का मर्म समझाते हुए महाराज जी ने कहा कि जिस तरह किसी तीर्थ यात्रा पर जाते समय रास्ते के खर्च के लिए भोजन, वस्त्र और धन की जरूरत पड़ती है, ठीक उसी तरह बैकुंठ के मार्ग में भगवान श्रीराम के नाम का संकीर्तन ही असली पाथेय यानी रास्ते का खर्च है। उन्होंने ऋषि और मुनि का अंतर स्पष्ट करते हुए बताया कि मंत्र के द्रष्टा ज्ञानी ऋषि कहलाते हैं, जबकि मंत्र को जानने और उसका मनन करने वाले मुनि होते हैं।

प्रतिदिन दो पालियों में होगा कथा का आयोजन

सूर्य के प्रकाश से अंधकार मिटने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ज्ञानी व्यक्ति अपने ज्ञान से पूरे संसार को आलोकित करता है और जब तक रघुबर का चरित्र नहीं लिखा जाता, तब तक श्रेष्ठ कवियों की लेखनी को भी विश्राम नहीं मिलता। आयोजन समिति के अनुसार, इस संगीतमय श्रीराम कथा का श्रवण श्रद्धालु प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 9:00 से दोपहर 12:00 बजे तक और अपराह्न 3:00 से शाम 6:00 बजे तक कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button