Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

मितानिन दिवस पर विधायक ब्यास कश्यप की अनूठी पहल, विधानसभा क्षेत्र की सैकड़ों मितानिनों का किया सम्मान

मितानिनों का योगदान स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे मजबूत कड़ी: विधायक ब्यास कश्यप

जांजगीर-चांपा। मितानिन दिवस के अवसर पर विधायक ब्यास कश्यप द्वारा विधानसभा स्तरीय मितानिन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित जगनी सेलिब्रेशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र की बड़ी संख्या में मितानिन बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिता श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहीं, जिन्होंने आमजन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका और उनके योगदान की सराहना की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि मितानिनें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे मजबूत कड़ी हैं। शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल, टीकाकरण के प्रति जागरूकता और समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने वाली मितानिन बहनें समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके सेवा, समर्पण और संघर्ष का सम्मान है।

साड़ी व प्रशस्ति पत्र भेंटकर बढ़ाया उत्साह

इस अवसर पर विधायक ब्यास कश्यप ने विधानसभा क्षेत्र से पहुंचीं सभी मितानिन बहनों को साड़ी एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही दूर-दराज के गांवों से पहुंची मितानिनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। सम्मान समारोह में शामिल मितानिन बहनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यों को सम्मान मिलने से उनका उत्साह बढ़ा है और सभी ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button