सक्ती में भाजपा किसान मोर्चा की प्रेसवार्ता: प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने बताया – अब प्रति क्विंटल नहीं, प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी अंतर राशि देगी साय सरकार


खरीफ-2026 में कृषक उन्नति योजना के तहत बड़ा बदलाव; अधिकतम सीमा से कम उपज बेचने वाले किसानों को भी मिलेगा पूरे बोए गए रकबे के हिसाब से लाभ, 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी।
सक्ती। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय सक्ती में भाजपा जिला किसान मोर्चा द्वारा किसान हितों और प्रदेश सरकार की कृषि नीतियों को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पूर्णतः किसान हितैषी सरकार है और हाल ही में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों के कल्याण, शासकीय कर्मचारियों को कैशलेस इलाज और बिजली बिल में राहत सहित 19 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इस अवसर पर जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष भूपेंद्र शंकर पटेल, जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने जानकारी दी कि मंत्रिपरिषद ने खरीफ-2026 में ‘कृषक उन्नति योजना’ के संशोधन संबंधी प्रस्ताव का अनुमोदन किया है। इसके तहत अब धान फसल पर आदान सहायता राशि प्रति क्विंटल के स्थान पर प्रति एकड़ के मान से प्रदान की जाएगी। यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे से प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम सीमा (21 क्विंटल) से कम धान भी बेचता है, तब भी उसे पूरे बोए गए रकबे के हिसाब से 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में सुधार होगा।
15 नवंबर से धान खरीदी और एग्रीस्टैक से आसान हुआ पंजीयन
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रदेश में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी शुरू की जाएगी। इसके तहत 27.50 लाख से अधिक किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। धान बेचने के 72 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए एग्रीस्टैक आईडी युक्त विगत वर्ष के पंजीकृत सभी कृषकों को धान विक्रय के लिए मान्य किया गया है, जिससे उन्हें अलग से पंजीयन कराने या समिति में ऋण पुस्तिका लाने की आवश्यकता नहीं होगी। पारदर्शिता के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे और बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की गई है, वहीं 360 नए उपार्जन केंद्र खुलने से अब कुल 3,100 केंद्रों पर धान खरीदी होगी।
तीन वर्षों में दी गई 35,904 करोड़ की अंतर राशि, आपदा प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा
इंजी. रवि पाण्डेय ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में किसानों को कुल 35,904.90 करोड़ रुपये की अंतर राशि सीधे खाते में दी गई है, जिसमें खरीफ 2023-24 में 13,289 करोड़, 2024-25 में 11,976 करोड़ और 2025-26 में 10,639 करोड़ रुपये शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने वादों को ईमानदारी से निभाया है। प्रेसवार्ता में चक्रवात एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित फसलों के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रभावित फसलों का उचित सर्वे कराकर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने तथा गिरदावरी व बाढ़ प्रभावित किसानों की समस्याओं के निराकरण की पहल की जाएगी।



