

सोनभद्र के बभनी थाने के कांस्टेबल विजय पांडेय ने ChatGPT और Google Gemini की मदद से सुलझाई गुत्थी
DGP और SP ने किया सम्मानित; महाराष्ट्र में भी सामने आ चुका है ऐसा ही मामला।
नेशनल डेस्क। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग अब पुलिस जांच में भी कारगर साबित हो रहा है। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस ने AI की मदद से करीब पांच साल से लापता एक महिला को राजस्थान के चूरू जिले से खोज निकाला है। पुलिस के पास महिला की केवल चौथी कक्षा की एक पुरानी तस्वीर थी, जिसके आधार पर ChatGPT और Google Gemini की मदद से उसकी मौजूदा उम्र का संभावित चेहरा तैयार किया गया। इस तकनीकी पहल के बाद मुखबिरों और पारंपरिक जांच के जरिए पुलिस महिला तक पहुंचने में सफल रही।
मामला सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र का है, जहां किस्मत देवी ने 14 जुलाई को अपनी बेटी मंजू खरवार की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, मंजू करीब पांच साल पहले गांव से लापता हो गई थी और आरोप था कि गांव की ही एक महिला शादी कराने का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गई थी।
2007 की पुरानी फोटो से तैयार किया मौजूदा रूप
जांच कर रहे कांस्टेबल विजय पांडेय के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि परिवार के पास मंजू की हाल की कोई फोटो नहीं थी। उनके पास वर्ष 2007 की एक तस्वीर थी, जब मंजू चौथी कक्षा में पढ़ती थी। कांस्टेबल ने मंजू की बचपन की फोटो के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरें ChatGPT और Google Gemini पर अपलोड कर उसकी वर्तमान उम्र के संभावित चेहरे की तस्वीर तैयार की। परिजनों द्वारा चेहरे की पुष्टि के बाद पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाया और 16 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर टीम राजस्थान के चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र पहुंची। वहां मंजू उमेद्र नामक व्यक्ति के साथ रह रही थी और दोनों के दो बच्चे भी हैं।
कांस्टेबल को मिला नकद पुरस्कार, महाराष्ट्र में भी हो चुका है प्रयोग
इस सराहनीय कार्य के लिए उत्तर प्रदेश के DGP राजीव कृष्ण ने कांस्टेबल विजय पांडेय को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया, वहीं सोनभद्र के SP अभिषेक वर्मा ने 2,100 रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, AI से तैयार तस्वीर जांच में एक उपयोगी सहायक साधन जरूर बनी, लेकिन वास्तविक पहचान के लिए पारंपरिक पुलिसिंग और सत्यापन अनिवार्य रहा।
गौरतलब है कि AI की मदद से लापता व्यक्ति को खोजने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले महाराष्ट्र के परभणी से करीब ढाई साल से लापता 45 वर्षीय जुलेखा मुखीद शेख को भी तकनीक की मदद से परिवार से मिलाया गया था। सिंधुदुर्ग के पांडुर स्थित संविता आश्रम में भर्ती जुलेखा की पुरानी यादों के संकेतों पर जीवन आनंद संस्था की टीम ने Google Search और ChatGPT की मदद से उनके पैतृक गांव का पता लगाया, जिसके बाद 9 नवंबर को उनके पति मुखीद शेख उन्हें अपने साथ घर ले गए।




