क्राइमजाँजगीर -चाँपा

डायल-112 टीम पर हमला करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर जिला बदर की तैयारी

नवागढ़ न्यायालय में सरेंडर के बाद सभी आरोपी भेजे गए जेल; थार से टक्कर मारकर पुलिसकर्मियों से की थी मारपीट।

जांजगीर-चांपा। शासकीय कार्य में बाधा डालने और डायल-112 टीम के साथ मारपीट करने वाले 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सभी आरोपियों ने 23 नवंबर को नवागढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की। प्रकरण के मुख्य आरोपी भुनेश्वर केशरवानी के विरुद्ध गुंडा बदमाश और जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी को प्रतिवेदन भी भेजा गया है।

घटना 06 नवंबर 2026 की रात करीब 10:17 बजे की है, जब थाना नवागढ़ की डायल-112 टीम लिंगवा रोड पर हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार थार (क्रमांक CG 11 BS 3187) के चालक ने डायल-112 वाहन को जोरदार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।

साथियों को बुलाकर पुलिस टीम का रोका था रास्ता

दुर्घटना के बाद जब पुलिसकर्मी वाहन से उतरकर नुकसान का निरीक्षण कर रहे थे, तभी थार चालक भावेश केशरवानी ने फोन कर अपने चाचा भुनेश्वर केशरवानी और अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। सभी आरोपियों ने एकजुट होकर पुलिस टीम का रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में व्यवधान डाला।

सभी 7 आरोपी भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

डायल-112 टीम की रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस की लगातार पतासाजी के दबाव में सभी सातों आरोपियों भुनेश्वर केशरवानी, भावेश केशरवानी, राजू साहू, दीपक साहू, शुभम केशरवानी, राकेश चंद्रा और इतवारी खूंटे—ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button