नैला के रामप्रसाद तालाब में छठ महापर्व का आयोजन: आज शाम 5:17 बजे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा


खरना का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ, सोमवार तड़के उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन
जांजगीर के भीमा तालाब सहित चांपा के हसदेव नदी घाटों पर भी सूर्योपासना की तैयारियां पूरी
जांजगीर-चांपा। सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। नैला स्थित रामप्रसाद तालाब में इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जा रहा है, जहां रविवार की शाम 5:17 बजे व्रतियों द्वारा अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा। इससे पहले शनिवार को खरना पर्व मनाया गया, जिसमें गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया है।
भीमा तालाब और चांपा के हसदेव घाटों पर भी जुटेगी श्रद्धालुओं की भीड़
नैला के रामप्रसाद तालाब के साथ ही जांजगीर के भीमा तालाब तथा चांपा में हसदेव नदी के लछनपुर केराझरिया स्थित छठ घाट, डोंगाघाट, अखराघाट और पाढ़ीघाट में भी विशेष व्यवस्था की गई है। रविवार को दिनभर प्रसाद तैयार करने के बाद शाम को बांस की टोकरी में अर्घ्य का सूप सजाकर व्रती परिवार व पड़ोस के लोगों के साथ सामूहिक रूप से घाटों पर पहुंचेंगे। पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह 6:11 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस महापर्व का समापन होगा।
प्रत्यक्ष सूर्य उपासना और कठिन तपस्या का महापर्व
छठ एकमात्र ऐसा पर्व है, जिसमें किसी मूर्ति की बजाय संपूर्ण पृथ्वी को ऊर्जा देने वाले सूर्य देव की प्रत्यक्ष पूजा की जाती है और सबसे पहले डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति के लिए किए जाने वाले इस व्रत में बिना सिलाई वाले नए वस्त्र धारण करने और फर्श पर चादर बिछाकर शयन करने जैसे कड़े नियमों का पालन किया जाता है। बिहार एवं उत्तर प्रदेश के निवासियों द्वारा मनाया जाने वाला यह लोक आस्था का पर्व अब छत्तीसगढ़ की संस्कृति में भी पूरी तरह घुल-मिल गया है।



