रायगढ़: ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत केलो विहार में देह व्यापार का खुलासा, ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस टीम ने संचालक को दबोचा; नगदी व मोबाइल जप्त


चक्रधरनगर थाना पुलिस की कार्रवाई, किराए के मकान में चल रहा था अनैतिक कारोबार; 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार व युवती बरामद, एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
रायगढ़। जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने एक किराए के मकान में संचालित हो रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने केलो विहार स्थित एक मकान में दबिश देकर अनैतिक देह व्यापार चलाने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 2 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल फोन और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी जप्त की हैं।
मुखबिर की सूचना पर बनी टीम, ग्राहक बनकर भेजा पाइंटर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराए पर लेकर एक युवती के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।
योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर संबंधित मकान के भीतर भेजा। पाइंटर से निर्धारित संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापा मारा। तलाशी के दौरान मौके पर संचालक गोविंद साहू मिला, जबकि एक कमरे से युवती और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
नगदी-मोबाइल जप्त, पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि आरोपी ने रुपये का लालच देकर उसे इस अनैतिक गतिविधि के लिए बुलाया था। वहीं, आरोपी गोविंद साहू ने पैसों की आवश्यकता के चलते देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके से ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 (पीटा एक्ट) की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी की सख्त चेतावनी और नागरिकों से अपील
इस कार्रवाई के बाद एसएसपी शशिमोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि रायगढ़ जिले में किसी भी प्रकार की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



