Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

जांजगीर-चांपा: नगर कांग्रेस कमेटी ने मनाई इंदिरा गांधी की जयंती, विधायक और जिलाध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल पर आयोजित सभा में कांग्रेसजनों ने याद किए पूर्व प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक फैसले और योगदान

जांजगीर-चांपा। देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर गुरुवार को नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा स्थानीय इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक ब्यास कश्यप और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

साहस, संकल्प और दृढ़ नेतृत्व की प्रतीक थीं इंदिरा गांधी: राजेश अग्रवाल

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल एक नाम नहीं, बल्कि साहस, संकल्प और दृढ़ नेतृत्व की प्रतीक थीं। विपरीत परिस्थितियों में भी अडिग रहकर अपने फैसलों से इतिहास की दिशा बदलने के कारण ही दुनिया ने उन्हें भारत की लौह महिला के रूप में पहचाना। उन्होंने कहा कि वे नाम से प्रियदर्शिनी थीं और उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव जनमानस के हृदय में जीवित रहेगा।

ऐतिहासिक फैसलों से बदली भारतीय इतिहास की दिशा: विधायक ब्यास कश्यप

विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपनी दूरदर्शी सोच और साहसिक निर्णयों से देश को नई दिशा दी। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, प्रिवी पर्स की समाप्ति, हरित क्रांति को प्रोत्साहन और बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में उनके नेतृत्व को भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया। विधायक ने कहा कि वे आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय स्वाभिमान की पहचान थीं, जिनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस सभा को कांग्रेस नेता दिनेश शर्मा, डॉ. पारस शर्मा, रमेश पैगवार, ऋषिकेश उपाध्याय और अजीत सिंह राणा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर ने किया, जबकि जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रफीक सिद्दीकी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुस्कान परवीन, परमेश्वर निर्मले, पार्षद अरमान खान, अमन अग्रवाल, टिंकू कहरा, जयसिंह राठौर, महेश खरे, दिनेश महंत, खलील मोहम्मद, प्रीतम कश्यप, बेदी यादव, अतीक कुरैशी और लाला राठौर सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button