ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी की प्राचार्या सोनाली सिंह का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, दिल्ली में यूनेस्को-सीबीएसई संगोष्ठी में बनेंगी रिसोर्स पर्सन; छत्तीसगढ़ का करेंगी प्रतिनिधित्व


4-5 दिसंबर को नई दिल्ली मुख्यालय में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस पर रखेंगी विचार
जांजगीर-चांपा, 24 नवंबर 2026। बनारी स्थित ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की प्राचार्या सोनाली सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर विद्यालय, जिले और छत्तीसगढ़ राज्य का मान बढ़ाया है। उनका चयन स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस (School Health and Wellness Programme) से संबंधित राष्ट्रीय संगोष्ठी के लिए किया गया है। यूनेस्को और सीबीएसई द्वारा संयुक्त रूप से यह प्रतिष्ठित संगोष्ठी 4 और 5 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित की जा रही है।
इस राष्ट्रीय आयोजन में सोनाली सिंह अपने जिले और छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम (SHWP) के अंतर्गत रिसोर्स पर्सन की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। विद्यालयों में स्वास्थ्य, कल्याण, जागरूकता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए उन्हें यह अवसर प्रदान किया गया है।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर रहेगा फोकस
स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक व भावनात्मक स्वास्थ्य, सकारात्मक व्यवहार, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और जीवन कौशल का विकास करना है। इस दिशा में शिक्षकों और विद्यालय नेतृत्व की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।
जिले के शिक्षा जगत में उत्साह का माहौल
सोनाली सिंह का राष्ट्रीय स्तर पर चयन पूरे जांजगीर-चांपा जिले के लिए गौरव का विषय है। उनकी इस उपलब्धि से शिक्षा जगत में उत्साह का वातावरण है, वहीं विद्यालय परिवार और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि वे राष्ट्रीय मंच पर अपने अनुभवों से छत्तीसगढ़ की शैक्षिक पहचान को और सशक्त बनाएंगी।



